वैशाली नगर में अब मुफ्त सजेगा दूल्हा-दुल्हन का जोड़ा, विधायक रिकेश सेन ने शुरू की अनूठी योजना
वैशाली नगर में अब मुफ्त सजेगा दूल्हा-दुल्हन का जोड़ा, विधायक रिकेश सेन ने शुरू की अनूठी योजना
अब मुफ्त में सजेगा दूल्हा-दुल्हन का जोड़ा, विधायक रिकेश सेन ने शुरू की अनूठी योजना
वैशाली नगर में शादी करने वाले परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत, दूल्हे को शेरवानी और दुल्हन को निःशुल्क मिलेगा लहंगा
भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्रवासियों को एक और बड़ी सौगात देते हुए जनकल्याणकारी पहल की शुरुआत की है। अब वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में विवाह करने वाले परिवारों को दूल्हे की शेरवानी और दुल्हन का लहंगा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को शादी के दौरान होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत पहुंचाना है।
विधायक रिकेश सेन ने 15 नवंबर को इस नई योजना का शुभारंभ करते हुए बताया कि विवाह प्रत्येक परिवार के जीवन का महत्वपूर्ण अवसर होता है। लेकिन शादी की तैयारियों और कपड़ों सहित अन्य व्यवस्थाओं पर होने वाला खर्च कई परिवारों के लिए आर्थिक चुनौती बन जाता है। ऐसे में इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।
योजना के तहत वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के निवासी परिवारों में जब भी बेटे या बेटी का विवाह होगा, उन्हें विवाह समारोह के लिए दूल्हे की शेरवानी और दुल्हन का लहंगा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल से शादी के खर्च में परिवारों को आर्थिक मदद मिलेगी और वे अपने बच्चों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कर सकेंगे।
जनसेवा का रिकेश मॉडल, 22 से अधिक योजनाएं संचालित
विधायक रिकेश सेन वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में लगातार नई जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा अब तक 22 से अधिक योजनाएं शुरू की जा चुकी हैं, जिनका लाभ हजारों परिवारों तक पहुंच रहा है।
इन योजनाओं में एक रुपये में डायलिसिस, एक्स-रे, सोनोग्राफी, पावर चश्मा, मोतियाबिंद ऑपरेशन, दुल्हन का ब्राइडल मेकअप, सेनेटरी नैपकिन, मेहंदी, निःशुल्क ब्लड टेस्ट, हेलमेट वितरण और कंबल बैंक जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा श्रीराम रसोई के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने की पहल भी संचालित की जा रही है।
वहीं शक्ति योजना और युवा भारत योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आकस्मिक सहायता से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाना उद्देश्य
लगातार शुरू की जा रही इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी सुविधाएं पहुंचाना है। विवाह के लिए निःशुल्क शेरवानी और लहंगा उपलब्ध कराने की नई पहल को भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वैशाली नगर में जनसेवा की इन योजनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखा जा रहा है। विधायक रिकेश सेन की इस नई पहल से उन परिवारों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके लिए विवाह का खर्च उठाना आर्थिक रूप से कठिन होता है।
The DB News | सच्चाई के साथ हर पल
