16 Nov 2026

जनजातीय समाज के विकास को मिली नई रफ्तार! जितेन्द्र वर्मा बोले – भाजपा सरकार में जनजातीय समाज का हो रहा सर्वांगीण विकास

जनजातीय समाज के विकास को मिली नई रफ्तार! जितेन्द्र वर्मा बोले – भाजपा सरकार में जनजातीय समाज का हो रहा सर्वांगीण विकास

DB News Channels
15 Nov 2026 08:25 PM
✅ Link copied successfully!

दुर्ग। भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के अनेक महानायकों के अद्वितीय संघर्ष, त्याग और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक पहल की। यह पहल जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और योगदान को देश के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दशकों तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे जनजातीय क्षेत्रों में अब बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और जनजातीय परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।

जनजातीय बजट में उल्लेखनीय वृद्धि

भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण जनजातीय बजट में हुई उल्लेखनीय वृद्धि है। जनजातीय बजट 4,498 करोड़ रुपये से बढ़कर 15,422 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के उत्थान के लिए 24,104 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) योजना संचालित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 1,15,200 लोगों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही 22,674 जनजातीय किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिला है। ये योजनाएं जनजातीय परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा और आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

6,691 जनजातीय गांवों के विकास का लक्ष्य

जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में 25 विकास गतिविधियों के जरिए 11 लाख से अधिक परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। नया रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय की स्थापना भी जनजातीय गौरव, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

850 नए गांव पहली बार नियमित बस सेवा से जुड़े

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रदेश के 13 जिलों में 106 मार्गों पर 107 बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके माध्यम से 850 नए गांव पहली बार नियमित बस सेवा से जुड़े हैं।

इसके अतिरिक्त वीर गुंडाधुर सेवा डेरा की पहल के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में जनसेवा और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, 200 सुरक्षा कैंपों को जनसुविधा एवं जनसेवा केंद्रों के रूप में विकसित करने की पहल से जनजातीय अंचलों में विश्वास, सुविधा और विकास को मजबूती मिल रही है।

भगवान बिरसा मुंडा का जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा

अंत में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपने स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान, अधिकार और विकास के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास, जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और बलिदान को सम्मान देने का राष्ट्रीय पर्व है।

Advertisment
Advertisment