वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा रायपुर
वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा रायपुर
THE DB NEWS
वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा रायपुर
रायपुर। SIR प्रक्रिया और कथित वोट चोरी के विरोध में रायपुर में कांग्रेस ने जोरदार रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मेनन के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। कांग्रेस ने मतदाता सूची में पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा की मांग की।
प्रदर्शन में दुर्ग शहर के पूर्व विधायक एवं रायपुर प्रभारी अरुण वोरा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा, प्रमोद दुबे, ज्ञानेश शर्मा, एजाज ढेबर सहित 12 ब्लॉक अध्यक्षों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
अरुण वोरा ने उठाए सवाल, मतदाता सूची से नाम कटने पर जवाबदेही की मांग
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि देशभर में लगभग 13 करोड़ 39 लाख और छत्तीसगढ़ में करीब 25 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने का दावा सामने आया है। उन्होंने इतने बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
वोरा ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से हटने से उसके मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़े सवालों का जवाब मिलना चाहिए।
हर पात्र मतदाता के वोट की रक्षा जरूरी: कांग्रेस
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा की जाए और प्रभावित नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। पार्टी ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
अरुण वोरा ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए कांग्रेस अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के वोट के अधिकार के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
The DB News | जनता की आवाज़, सच्चाई के साथ।


