14 Nov 2026

बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह; गांव-गांव पहुंचेगा अभियान

बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 11 से 18 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह; गांव-गांव पहुंचेगा अभियान

DB News Channels
12 Nov 2026 08:45 PM
✅ Link copied successfully!

### The DB News | दुर्ग

बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 11 से 18 नवंबर तक मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह; गांव-गांव तक पहुंचेगा अभियान

दुर्ग। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 नवंबर से 18 नवंबर तक पूरे देश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले में भी भाजपा ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी द्वारा बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

इस संबंध में गुरुवार को दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के प्रदेश उपाध्यक्ष एमडी ठाकुर ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान जिले, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डॉ. देवेंद्र माहला भी उपस्थित रहे।

### 14 से 18 नवंबर तक होंगे विभिन्न आयोजन

एमडी ठाकुर ने बताया कि 14 नवंबर को जनजातीय नायकों के स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जिला स्तर पर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। मंडल स्तर पर उनकी प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

इसके बाद 16, 17 और 18 नवंबर को विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सप्ताह भर सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्रा, खेलकूद प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनी और समाज के प्रमुख लोगों का सम्मान भी किया जाएगा।

### छात्रावासों में चलेगा संपर्क अभियान

जनजातीय छात्रावासों में संपर्क अभियान चलाकर विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

ठाकुर ने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए एकलव्य आवासीय विद्यालय, छात्रवृत्ति और अन्य योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सिकल सेल बीमारी की जांच एवं उपचार के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इसके साथ ही वन उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए वन धन केंद्र बनाए गए हैं। वन अधिकार पट्टों और ग्राम सभाओं को अधिकार दिलाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

### केंद्र सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

पत्रकार वार्ता में एमडी ठाकुर ने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट वर्ष 2014-15 में 4,498 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 14,926 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री  योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक आवास, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 63 हजार गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

### कांग्रेस पर भी साधा निशाना

पत्रकार वार्ता के दौरान ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जनजातीय नायकों को उचित सम्मान नहीं दिया और जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जनजातीय समाज को सम्मान देने के साथ-साथ विकास की योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।

### ये पदाधिकारी रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष पवन ठाकुर, भिलाई जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष तुलसी ध्रुव तथा जिला मीडिया प्रभारी राजा महोबिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

The DB News

सच्चाई के साथ हर पल

Advertisment
Advertisment